बुन्देलखण्ड अलग राज्य आंदोलन के जनक स्व. शंकर लाल मेहरोत्रा स्मृति सम्मान समारोह
भीख नहीं अधिकार चाहिए , हमे बुन्देलखण्ड राज्य चाहिए – प्रवीण पाण्डेय भारत केन्द्रीय अध्यक्ष बीआरएस
महोबा – बुंदेलखंड राज्य आंदोलन के जनक स्व. श्री शंकर लाल मेहरोत्रा की 19वीं पुण्यतिथि पर बुंदेली समाज ने आल्हा चौक स्थित अंबेडकर पार्क में बुंदेलखंड सेनानियों को सम्मानित किया। 1965 व 1971 के युद्ध में शामिल रहे पूर्व फौजियों को सुप्रसिद्ध समाजसेवी एवं बुन्देलखण्ड राज्य आंदोलन के नेतृत्वकर्ता श्रद्धेय तारा पाटकर के हाथों से सम्मानित किया गया।
स्मृति सम्मान समारोह की जानकारी देते हुए आज बुंदेली समाज के संयोजक तारा पाटकर ने बताया कि बुंदेलखंड राज्य आंदोलन के जनक स्व. शंकर लाल मेहरोत्रा का निधन 22 नवंबर, 2001 को झांसी में हुआ था। उन्होंने 1989 में बुंदेलखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना कर आंदोलन को जन जन तक पहुंचाने के लिए लंबा संघर्ष किया। बुंदेलखंड के अंदर उनकी स्मृति में महोबा आल्हा चौक में रखा गया यह प्रथम सम्मान समारोह है। जिसमें बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के संस्थापक केन्द्रीय अध्यक्ष इं प्रवीण पांडेय भारत को आंदोलन में उनके अग्रणी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय अध्यक्ष इं प्रवीण भारत ने बताया कि बुंदेलखंड राष्ट्र समिति का पूरे उत्तरप्रदेश और मध्यप्रदेश का कार्यकर्ता तारा पाटकर के संरक्षण में निरंतर खून से प्रधानमंत्री को पत्र लिखना, मौन अनशन, जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देना एवं हस्ताक्षर अभियान आदि माध्यमों से लगातार केंद्र सरकार को और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को अपना वादा पूरा करने की याद दिला रहे है और बुन्देलखण्ड अलग राज्य आंदोलन को तेज गति दी जा रही है। बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के केंद्रीय प्रवक्ता देवब्रत त्रिपाठी ने बुन्देलखण्ड अलग राज्य की मांग के साथ जनपद फतेहपुर चित्रकूट धाम मंडल में और बुन्देलखण्ड पैकेज में शामिल किए जाने की मांग की। कार्यक्रम में आई अतिथि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य सरगम खरे ने आयोजक तारा पाटकर एवं बुन्देखण्ड राज्य पर अपनी स्व रचित कविता “दिल्ली मुम्बई न हमे जाने, बुन्देलखण्ड राज्य हमे जाने” गाकर लोगो में जोश भरा।
कार्यक्रम में तारा पाटकर के हाँथो द्वारा बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति जनपद फतेहपुर से अंशू सिंह परमार को युवा शक्ति जिलाध्यक्ष और महिला शक्ति जिलाध्यक्ष एडवोकेट विभा अग्निहोत्री को मनोनयन पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में तारा पाटकर, डॉ अजय बरसैया, अजय कटारिया, इं प्रवीण पांडेय, अंशू सिंह परमार, एडवोकेट विभा अग्निहोत्री, देवब्रत त्रिपाठी, सरगम खरे, शत्रुघ्न सिंह, राकेश चौरसिया, शंकर लाल जोशी, राम नारायण मिश्र, हुकुम सिंह, मनोज तिवारी आदि पूर्व सैनिक, बीआरएस एवं बुन्देली समाज के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

