सभी अधिकारी निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति करें-आयुक्त श्री शुक्ला
जिले में शत प्रतिशत लक्ष्यपूर्ति के प्रयास जारी हैं-कलेक्टर
सागर संभाग आयुक्त श्री एम.के. शुक्ला की अध्यक्षता में विकास कार्यो की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभागीय कार्यो की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यो की सराहना करते हुए कहा कि अब समय कम बचा है। कार्य में तेजी लाकर सभी विभाग शत प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करें। उन्होंने कहा कि कुछ विभागों द्वारा अपने निर्धारित लक्ष्य को अभी से छू लिया है। आगामी समय में निर्धारित लक्ष्य से अधिक उपलब्धि अर्जित करेंगे।
आयुक्त श्री शुक्ला ने बैठक के शुभारंभ में सभी विभागीय अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के उपरांत विकास कार्यो पर विभागवार चर्चा की गयी। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत द्वारा बताया गया कि मनरेगा के तहत जिले को प्राप्त आवंटन में लोगों को रोजगार मुहैया कराने के लिए फसल सुरक्षा, बाढ, मेडबंधान, कपिल धारा कूप, निर्मल जल योजना के तहत कूप, बडे मंदिरों के पास सार्वजनिक शौचालय, चेकडेम, तालाब सुधार, फलदार वृक्षांे का रोपण आदि के कार्य किए गए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। आयुक्त श्री शुक्ला ने निर्देश दिए कि जिले में अधिक से अधिक खाद्यान्न भण्डारण के लिए गोदाम का निर्माण कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों की शत प्रतिशत धान का उपार्जन किया जाए। किसानों को किसी तरह की आगामी रबी सीजन में कठिनाई न हो इसके लिए उर्वरक, बीज आदि का भण्डारण सुनिश्चित करते हुए किसानों को उपलब्ध कराना प्रारंभ करें। चने में तेवडा की फसल न हो इसके लिए तेवडा रहित चने का बीज उपलब्ध कराएं। उन्होंने रबी फसल के लिए किसानों को अल्पावधि ऋण समय पर उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि बीज एवं उर्वरकों के नमूने लेकर जांच कराई जाए। जिससे जिले में अमानक स्तर के बीज और उर्वरक का विक्रय न हो सके। उन्होंने कहा कि पशुपालक किसानों, मत्स्य उत्पादक किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड बनवाए जाएं। जिले में दुग्ध उत्पादन को बढाने के लिए जिले में एक और चिन्हित प्लांट की स्थापना की जाए। मत्स्य उत्पादन के लिए जिले मेें हेचरी स्थापित की जाए। बैठक में निर्देश दिए कि फसल उपार्जन एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सुचारू रूप से संचालित किया जाए। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के परिवारों को खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित किया जाए। नील क्रांति योजना अन्तर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित कराया जाए। बैठक में आयुक्त श्री शुक्ला द्वारा आबकारी विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि अवैध रूप से मदिरा निर्माण एवं विक्रय पर पूरी तरह से रोक लगाई जाए। खनिज विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शत प्रतिशत राजस्व की वसूली करने के साथ अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए। उन्होंने शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, उद्यानिकी, पशुपालन आदि विभागों की समीक्षा की गई।
उन्होंने कोविड-19 के तहत जिले में की जा रही कार्यवाहियों के तहत चर्चा करते हुए अब तक की गयी कार्यवाही की समीक्षा की गयी। उन्होंने कहा कि कोविड नियंत्रण के तहत जिले में अच्छा कार्य किया जा रहा है। आगामी आने वाले समय में भी इसी तरह सभी विभाग कार्य करते रहे। कलेक्टर श्री संजय कुमार मिश्र द्वारा बताया गया कि जिले में सभी विभागों द्वारा तत्परतापूर्वक कार्य किया जा रहा है। जिले में कोविड-19 संक्रमण को रोकने के लिए निरंतर कठोर प्रयास किए जा रहे हैं। सम्पन्न हुई बैठक में अपर कलेक्टर श्री जे.पी. धुर्वे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री रचना शर्मा के साथ विभिन्न विभागों के जिला प्रमुख उपस्थित रहे।
पन्ना से जिला ब्यूरो सौरभ सिंह ठाकुर की रिपोर्ट

