एक्टर सुशांत सिंह राजपूत केस की अब तीन एजेंसियां जांच कर रही है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के बाद नॉरकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) की टीम ड्रग्स कनेक्शन की जांच करेगी. यह ड्रग्स कनेक्शन रिया चक्रवर्ती के चैट में सामने आया था. इसकी पड़ताल अब एनसीबी करेगी.
कुछ देर में एनसीबी के डायरेक्टर राकेश अस्थाना अधिकारियों के साथ जांच की रणनीति बनाएंगे. मीटिंग में ये तय होगा कि एनसीबी की कौन सी यूनिट पूरे मामले की तफ्तीश करेगी. कल ही आजतक से बात करते हुए डायरेक्टर राकेश अस्थाना ने कहा था कि NCB भी सुशांत केस की जांच शुरू कर रही है.
सूत्रों के मुताबिक ईडी ने एनसीबी को चिट्टी लिखी है और कहा है कि सुशांत से जुड़े कुछ लोग ड्रग्स लेते थे. कुछ लोगों का ड्रग्स डीलर से कॉन्टेक्ट भी था, लिहाजा बड़े पैमाने पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो इसकी जांच शुरू करने वाली है. जांच का दायरा काफी बड़ा रहेगा और जिसे लेकर दिल्ली, मुंबई के बड़े और अनुभवी अधिकारियों को इस तफ्तीश मे लगाया गया है.

