Fatehpur Update: लूटपाट के नियत से दबंगों ने घर में घुसकर वृद्धा को किया मरणासन्न, जेवरात व नकदी लेकर फरार

फतेहपुर: हथगाम थाना क्षेत्र के संग्रामगढ़ गांव निवासी गेंदालाल पुत्र स्वर्गीय शिवमोहन ने पुलिस महानिदेशक को भेजे गए शिकायती पत्र में बताया कि विगत 11 अगस्त की रात करीब 10 बजे लूटपाट की नियत से गांव के ही मोती, वीरेंद्र सिंह, अमर सिंह,

राम लखन पुत्रगण शिवमंगल अपने दो अज्ञात साथियों के साथ उसके घर में जबरन घुस आये और घर में बहन के रखे जेवर के बारे में उसकी वृद्ध मां से पूछताछ करने लगे। पीड़ित गेंदालाल ने बताया कि उसकी मां ने जब जेवरात व नकदी के बारे में बताने से इंकार किया तो उक्त लोगों ने उसकी मां पर लाठी-डंडो व धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया जिससे उसकी मां बुरी तरह जख्मी हो गई

और उसके सिर से खून निकलने लगा। खून से लथपथ मां की चीख-पुकार सुनकर वह अपने चाचा रामविशाल के साथ पहुंचा तो उक्त लोग जेवर व नकदी लूट कर भागते हुए जानमाल की धमकी देकर निकल गए। पीड़ित ने बताया कि उक्त घटना को लेकर उसने तत्काल 112 पुलिस सहायता व 108 नंबर को फोन करके एंबुलेंस बुलाया। पुलिस की देखरेख में मां को हथगाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया,

जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने फतेहपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि जिला अस्पताल में मां की हालत गंभीर देखते हुए अगले दिन 12 अगस्त को चिकित्सक ने उपचार के लिए कानपुर ले जाने की बात कही, किंतु वह लोग अत्यंत गरीब है एवं पैसे के अभाव में जिला अस्पताल में रेफर करा कर मां का इलाज शहर स्थित एक निजी हॉस्पिटल में करा रहे हैं।

जहां चिकित्सक ने मां के सिर से अत्यधिक ब्लीडिंग हो जाने एवं दिमाग में खून जम जाने की बात कह कर ऑपरेशन कराने की सलाह भी दी है। पीड़ित ने बताया कि हमलावर उसके ऊपर व उसके परिवारी जनों पर घात लगाकर बैठे हैं और तरह-तरह की धमकियां देकर डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं, किंतु पुलिस पीड़ित पक्ष की कोई सुनवाई नहीं कर रही है। पीड़ित पक्ष ने बताया कि उसके भाई ठाकुर प्रसाद पर भी उक्त लोगों ने कुल्हाड़ी व सरिया लेकर जान से मारने का प्रयास किया,

किंतु वह भागकर एक घर में घुस गया और जान बचाने में सफल रहा। पीड़ित ने बताया कि पुलिस ने उसका मुकदमा हल्की धाराओं में लिखकर मामले से पल्ला झाड़ने का काम किया है जिसकी वजह से हमलावरों के हौसले बुलंद हैं और वह आए दिन जानमाल की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष ने पुलिस महानिदेशक से उसकी मां को आई गंभीर चोटों के आधार पर उक्त हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
रिपोर्ट: वी के द्विवेदी

संपादक के बारे में

Scroll to Top