देश की राजधानी दिल्ली समेत समूचा उत्तर भारत धीरे-धीरे भीषण सर्दी से निजात पा रहा है। हालांकि कई इलाकों में सुबह घना कोहरा जरूर लोगों के लिए मुश्किल खड़ी कर रहा है। लेकिन दोपहर को निकलने वाली करारी धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है। इस बीच झारखंड में मौसम ने करवट ली है। मंगलवार को दोपहर के बाद मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश होने लगी। रांची के मौसम केंद्र यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। जिसकी वजह से देश के कई राज्य प्रभावित हो सकते हैं।
छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना
मौसम विभाग ने 16 से 19 फरवरी के बीच विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते 15 से 18 फरवरी के बीच उत्तराखंड में मौसम बिगड़ सकता है, जिसके चलते वहां बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं। उत्तर भारत के अन्य इलाकों की अगर बात करें तो यहां रात के साथ तापमान में गिरावट जारी रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी
इसके साथ ही मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार महाराष्ट्र के अधिकांश इलाकों में अगले दो दिन बारिश पडऩे की संभावना है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में पानी पडऩे की उम्मीद जताई है। वहीं, मौसम विभाग ने शुक्रवार और शनिवार को दो दिनों के लिए दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज के साथ छींटे पडऩे की संभावना जताई है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “दक्षिण तटीय आंध्रप्रदेश के दूरदराज के इलाकों में गरज के साथ बारिश या हल्की बौछार होने की संभावना है।

