भोपाल
मध्यप्रदेश के सीधी जनपद में मंगलवार सुबह हुए बस हादसे में मरने वालों की संख्या 42 के पार हो सकती है। करीब 54 यात्रियों से भरी यह बस बाणसागर नहर में गिर गई है। सुबह से रेस्क्यू आपरेशन जारी है और एक-एक करके लाशों को निकाला जा रहा है। इस भीषण हादसे के बाद करीब 42 शवों को निकाला जा चुका है। 7 लोग तैर कर बाहर आ गए, जबकि बाकी लोग अब भी लापता हैं। बस में करीब 54 लोग सवार थे। इधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हादसे के बाद सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं, वहीं दो मंत्रियों को स्टेट प्लेन से घटनास्थल के लिए रवाना किया है। मृतकों को 5-5 लाख के मुआवजे का ऐलान किया गया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मृतकों को 2-2 लाख रुपए की सहायता देते हुए शोक संवेदना व्यक्त की है
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक रेस्क्यू आपरेशन जारी है, हादसे में 42 शवों को निकाला जा चुका है। यह हादसा रामपुर के नैकिन इलाके में सुबह साढ़े सात बजे के करीब हुआ। यह बस सीधी से सतना की तरफ जा रही थी। हादसा सुबह 7.30 बजे हुआ। बताया जा रहा है बस में कुछ छात्र भी सवार थे जो परीक्षा देने जा रहे थे। इनके अलावा महिला और बच्चे भी सवार थे।

