रिपोर्ट अमित कुमार संवाददाता हमीरपुर उत्तर प्रदेश
सरीला (हमीरपुर)
जरिया थानाक्षेत्र के चंडौत गांव में बेतवा नदी पर संचालित मौरंग खदान 22/14 में बुधवार देर शाम एसडीएम जुबैर बेग की अगुवाई में खनिज विभाग की टीम ने छापा मारा। जहां नदी की जलधारा से छेड़छाड़ कर अवैध रूप से कच्चा पुल बना पाया गया। जिसे ध्वस्त कराए जाने की कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं दो पोकलैंड भी पकड़ी है। खनिज निरीक्षक ने पट्टाधारक फर्म के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
अवैध खनन को लेकर प्रशासन सख्त है। इसके बावजूद पट्टाधारक अवैध खनन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। चंडौत गांव की खदान खंड संख्या 22/14 में प्रतिबंध के बावजूद बेतवा नदी की जलधारा से छेड़छाड़ करने की शिकायत मिलने पर बुधवार रात करीब आठ बजे एसडीएम सरीला जुबैर बेग की अगुवाई में खनिज विभाग की टीम ने छापा मारा। एसडीएम ने बताया खनन क्षेत्र से दो प्रतिबंधित पोकलैंड पकड़ी है। बताया बेतवा नदी की जलधारा को प्रभावित कर बनाए गए अवैध पुल को तोड़े जाने की कार्रवाई शुरू कराई गई है। खनिज निरीक्षक राजेश वर्मा ने पट्टाधारक फर्म के विरुद्ध जरिया थाने में खनिज और पर्यावरण अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। एसडीएम ने बताया अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।

