नहीं थम रहा चोरी का सिलसिला, चोर चटका रहे ताले ,सप्ताह में दो चोरियां,नहीं हुआ अभी तक खुलासा।
पुलिस की बड़ी चौकसी के बाद भी बदमाश सेंधबाजी कर रहे हैं। घरों के लगातार ताले चटक रहे हैं। कहीं दिनदहाड़े लूट की वारदात हो रही है तो कभी सुने घरों व दुकानों का ताला तोड़कर वारदात को बदमाश अंजाम दे रहे हैं। पुरानी चोरियों के मामले में पुलिस जांच पड़ताल कर रही थी कि चोरों ने अमौली कस्बे में रिपेयरिंग की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
जानकारी के मुताबिक पिछले दिनों कस्बे के बलदेव गिरी पाठशाला के करीब बुधवार को अज्ञात बाइक सवारों ने साइकिल से जा रहे मदरी निवासी अरविंद् प्रजापति का मोबाइल व नगदी छीन कर लूट को अंजाम दिया था व अट्ठाइस नवंबर दिन शनिवार को कस्बे के ही रहने वाले पूर्व शिक्षक रामकिशोर तिवारी अपनी पत्नी रामश्री के साथ मकान में ताला बंद करके कानपुर अपनी पुत्री के देवर की शादी में शामिल होने गए थे।जब वह गुरुवार की देर शाम वापस लौटे तो घर के दरवाजे खुले पाए और समान बिखरा मिला।जानकारी करने पर पता चला की रात में चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुसकर चोरी को अंजाम दिया जिसमे लाखों के जेवरात के साथ अन्य सामान चोरी कर ले गए।
स्थानीय पुलिस द्वारा इन चोरियों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया।
पुलिस द्वारा हुई चोरीयों की पड़ताल ही की जा रही थी कि मनबड़े चोरों ने एक बार फिर कस्बे के ही बाइक रिपेयरिंग सेंटर में चोरी को अंजाम दे दिया।
चांदपुर थाना क्षेत्र के अमौली कस्बा में कोरिया रोड स्थित मोनू बाइक रिपेयरिंग सेंटर से शनिवार की रात्रि अज्ञात चोरों ने गुमटी में रखा हजारों का सामान पार कर दिया। जिसमें दुकानदार मोनू ने बताया कि उसकी रिपेयर की दुकान में रखे मोबी आयल के साठ डिब्बे व रिपेयर का सामान सहित हजारों का सामान चोरी कर ले गए।
कस्बे में लगातार हो रही चोरियों से कस्बावासी अपने आप को घबराए हुए महसूस कर रहे हैं और चोरों के भय के कारण रातों को सही से नींद भी नहीं ले पाते।
चोरियों में पुलिस के हाथ खाली।
कस्बे में हुई चोरियों की कई वारदातों में अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। कस्बे में हुई चोरियों में आरोपियों का अभी तक कोई पता नहीं चला। कस्बे में पुलिस की गश्त भी फीकी पड़ती नजर आ रही है।
वही चोरी की वारदातों की पड़ताल कर रहे अमौली चौकी प्रभारी शैतान सिंह ने बताया कि मामलों की जानकारी हुई है, जांच चल रही है। जांच के उपरांत अज्ञात आरोपियों को पकड़ कर उचित कार्यवाही की जाएगी।

