अमौली कस्बे के चहुओर सड़के हैं बदहाल,क्षेत्रीय लोगों का है बुरा हाल।
अमौली से कोरिया रोड के लिये किसान मजदूर युवा शक्ति ने उठाई थी आवाज।
टूटी सड़कों के कारण बनी रहती है दुर्घटना की आशंका
जनपद के अमौली विकासखंड क्षेत्र में कस्बे से जुड़ी हुई सभी सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे नजर आ रहे हैं। संबंधित प्रशासन और पीडब्ल्यूडी इन सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरनेे में रूचि नहीं दिखा रहा है। अमौली कस्बे के ब्लॉक मुख्यालय के सामने से पड़ोसी जनपद को जोड़ने वाली अमौली – कोरिया मुख्य मार्ग पर हुए गड्ढे के लिए चार माह पहले किसान मजदूर युवा शक्ति संगठन ने आवाज भी उठाई थी।
जिससे विभाग ने सिर्फ आश्वाशन देकर टाल दिया था। जिससे सड़क की मरम्मत अभी तक नहीं हुई है।इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सरकार और विभाग ने ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का भले ही दावा कर रहे हो, लेकिन हकीकत इससे कोसो दूर है। स्थिति यह है कि कस्बे को जोड़ने वाली मुख्य सड़कें ही गड्ढों में तब्दील हैं। सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढे राहगीरों के लिए मुसीबत बन गए हैं। विकासखंड क्षेत्र के अमौली कस्बे से अहिरनपुर वायां दपसौरा रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले मार्ग पर भरसा गांव के सामने मुख्य सड़क टूट गई है।जिससे लोगों को अपने वाहन निकालने में बड़ी समस्या होती है क्योंकि सड़क के नुकीले पत्थरों में गाड़ी खराब हो जाती है।
*बेहद खराब सड़कें -*
1. बारह किलोमीटर अमौली से पड़ोसी जनपद कोरिया मार्ग।
2.अमौली से पड़ोसी जनपद सीमा जोड़ने वाला कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से होकर बरीपाल मार्ग।
3.अमौली से अहिरनपुर,कहिंजरा होते हुए दपसौरा स्टेशन मार्ग।
4. गौरी मोड़ से परसेढा होते हुए दपसौरा स्टेशन को जोड़ने वाला मार्ग।
5.नारायण डेरा से दपसौरा दो किलोमीटर संपर्क मार्ग।
कुछ दिनों पहले किसान मजदूर युवा शक्ति संगठन ने खराब सड़कों को लेकर आईजीआरएस के माध्यम से ठीक करवाने की अपील की थी।जिसमें संबंधित अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही सड़क ठीक करा दी जाएगी। आश्वासन के बाद लोगों को लगा की अब सड़कों का जीर्णोद्धार हो जाएगा।लेकिन फिर संबंधित विभाग कुंभकर्णीय नींद में सो गया। शुरुआत में सड़क ठीक करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया, लेकिन फिर काम बंद कर दिया गया। ऐसे में सड़क अब भी बदहाल है। ऐसी ही स्थिति भरसा गांव के पास भी है। अमौली चौराहे से लेकर भरसा गांव के समीप तक सड़कों पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।वहीं गौरी चौराहे से दपसौरा तक जाने वाली मार्ग की भी ऐसी ही स्थिति है। रात के समय में जब बिजली कट जाती है तो इन मार्गों पर यात्रा करना मुश्किल हो जाता है। इसके बाद भी कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
कस्बे के निवासी सिद्धार्थ पटेल का कहना है कि सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का आदेश यहां बेकार साबित हो रहा है। यदि सड़क ठीक नहीं हुई तो कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। इसी प्रकार ललित कुमार ने कहा कि सड़कों को ठीक कराने का आश्वासन देकर अधिकारी भूल गए हैं। ऐसे में राहगीर परेशान है।

