शिवानी बनी एक दिन की थाना अध्यक्ष, थाने का निरीक्षण कर जानी व्यवस्था।

शिवानी बनी एक दिन की थाना अध्यक्ष, थाने का निरीक्षण कर जानी व्यवस्था।

अमौली/फतेहपुर।

मिशन शक्ति के तहत जनपद क्षेत्र के थाना चांदपुर में एक दिन के लिए बालिका को थाना अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। स्वामी परमानंद विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा शिवानी सिंह ने थाना अध्यक्ष के पद को बखूबी निभाया।मिशन शक्ति के तहत थाने का जिम्मा संभालते हुए 15 वर्षीया शिवानी ने पूरे थाना परिसर का निरीक्षण कर कोविड-19 व स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही बाल मजदूरी व शोषण के विरुद्ध आवाज उठाते हुए सभी लोगों को चेताया।
चांदपुर गांव की शिवानी सिंह ने शुक्रवार को चांदपुर थाना पहुंचकर थाना अध्यक्ष दीनदयाल सिंह से एक दिवसीय चार्ज संभाला। इसके बाद आए हुए पीड़ित फरियादियों की फरियाद सुन कर उन्हें न्याय दिलाने का काम किया। एक थानाध्यक्ष के अंदाज में शिवानी ने सभी को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। शिवानी ने बताया कि वह क्षेत्र के स्वामी परमानंद विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा है।जिसे आज एक दिवसीय थाना अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है जिसको लेकर उनके मन में बहुत हर्षोल्लास है। उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर वह पब्लिक सर्वेंट बनती है तो क्षेत्र में भ्रष्टाचार, शोषण और अपराधियों को कम करने का प्रयास करेंगी। इस मौके पर थाना अध्यक्ष दीनदयाल सिंह, सब इंस्पेक्टर राजेंद्र त्रिपाठी, कृष्ण कुमार यादव व महिला कांस्टेबल मौजूद रहे।
समाज सुधारक बनना चाहती हैं शिवानी
शिवानी सिंह मवई धाम स्थित स्वामी परमानंद विद्यालय की कक्षा आठवीं की छात्रा है। उसके पिता हरिभान सिंह एक साधारण किसान है, मां ग्रहणी है। शिवानी सिंह परिवार की इकलौती बेटी है। शिवानी सिंह भविष्य में एक समाज सुधारक बनना चाहती है इसके लिए जो भूमिका उसने थाना अध्यक्ष के रूप में निभाई है उसे वह भविष्य में पाना चाहती है। उन्होंने बताया कि यह सब करने के लिए वह रात दिन एक करके खूब मेहनत करेंगी।
बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना है शिवानी का लक्ष्य
शिवानी सिंह ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि बालिकाओं के अंदर आत्मविश्वास कम रहता है। वह अपने आपको पुरुषों से कमजोर महसूस करती हैं। वह अपने छात्र जीवन में रहते हुए सभी बालिकाओं व महिलाओं में आत्मविश्वास बनाना चाहती है।
इस मौके पर थाना अध्यक्ष दीनदयाल सिंह ने बताया कि उनके कार्यभार में यह पहला मौका है जहां किसी लड़की को एक दिन का थाना अध्यक्ष के पद पर चार्ज दिया गया है। मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं को थाना अध्यक्ष बनाने का मुख्य उद्देश्य यह है कि दूरस्थ क्षेत्र व ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इसी प्रकार के कार्यक्रमों से बालिकाओं व स्त्रियों का आत्मबल बढ़ता है।

संपादक के बारे में

Scroll to Top