शर्मनाकः महेंद्र सिंह धोनी की बेटी से दुष्कर्म की धमकी…
नई दिल्ली- ये काफी परेशान करने वाली बात है लेकिन यह सच है कि आईपीएल में महेंद्र सिंह धोनी की नाकामी को लेकर सोशल मीडिया ट्रोल्स पर किसी ने उनकी पांच साल की बेटी के साथ दुष्कर्म करने जैसी घृणित धमकी दी है। धोनी की पत्नी साक्षी को उनके इंस्टाग्राम एकाउंट पर यह धमकी मिली। इस धमकी ने सोशल मीडिया पर लोगों को गुस्से से भर दिया है। खासतौर पर महिलाएं काफी गुस्से में हैं। अभिनेत्री और राजनेता नगमा ने ट्वीट करके कहा, ‘हम एक राष्ट्र के तौर पर कहां जा रहे हैं? यह कितना अजीब है कि धोनी की पांच साल की बेटी जिवा को किसी ने दुष्कर्म की धमकी दी है। प्रधानमंत्री जी हमारे देश में क्या हो रहा है?’ कर्नाटक के जयनगर की विधायक सौम्या रेड्डी ने कहा कि यह काफी परेशान करने वाली बात है। हमारे देश में क्या हो रहा है, यह समझ नहीं आ रहा। हम कहां जा रहे हैं? वहीं राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि यह इस बात का सबसे खराब उदाहरण है कि किस तरह सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स का दुरुपयोग हो रहा है।

