कानपुर, जेएनएन। भाजपा ने कानपुर नगर और कानपुर देहात के संगठनात्मक जिले के जिलाध्यक्ष पद पर चार नए चेहरों को नामित किया है। पार्टी ने कानपुर नगर के उत्तर जिले में महामंत्री रहे सुनील बजाज को जिलाध्यक्ष बनाया है। कानपुर दक्षिण में डॉ. बीना आर्या को जिलाध्यक्ष की कमान सौंपी है। कानपुर ग्रामीण में कृष्णमुरारी शुक्ला और कानपुर देहात में अविनाश सिंह चौहान जिलाध्यक्ष बनाए गए। पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने 59 संगठनात्मक जिलों के जिलाध्यक्षों के नाम का एलान किया तो पार्टी नवनियुक्त अध्यक्षों को बधाई देने का दौर भी शुरू हो गया।
कानपुर उत्तर से जिलाध्यक्ष रहे सुरेंद्र मैथानी के गोविंदनगर सीट से विधायक चुने जाने के बाद इस पद के लिए सबसे अधिक मारा मारी थी और 40 से अधिक लोगों ने आवेदन किए थे, लेकिन महामंत्री का दायित्व संभाल रहे सुनील बजाज सबसे उपयुक्त दावेदार माने जा रहे थे। उनका निर्विवाद होना और लंबे समय से समर्पित कार्यकर्ता के रूप में विभिन्न पदों पर काम करने को पार्टी ने उनकी उम्र से ज्यादा तवज्जो दी।
उधर दक्षिण में जिलाध्यक्ष अनीता गुप्ता की जगह पार्टी ने क्षेत्रीय उपाध्यक्ष डॉ. बीना आर्या को मौका दिया है। बीना आर्या एक बार पार्षद रहने के अलावा लंबे समय तक संगठन से जुड़ी हैं। इसलिए प्रदेश नेतृत्व ने 26 दोवदारों को दरकिनार कर खुद उनका नाम पैनल में शामिल करवाया था। डॉ. बीना की कार्यकर्ताओं के बीच अच्छी पकड़ है और वह उन्हें एकसूत्र में पिरोकर रखने की कला भी जानती हैं। कई ऐसे अवसर आए जब उन्होंने इस बात को साबित भी किया। उन्होंने बीएमएस की पढ़ाई करने के बाद नौकरी करने के बजाय खुद का अस्पताल खोलकर मरीजों की सेवा का निर्णय लिया था और यह कार्य व बखूबी कर रही हैं।
पार्टी ने कानपुर ग्रामीण और कानपुर देहात में भी जिलाध्यक्षों के रूप में नए चेहरे उतारे हैं। ग्रामीण में कृष्णमुरारी शुक्ला की ताजपोशी हुई है, वहीं कानपुर देहात में अविनाश चौहान को जिलाध्यक्ष बनाया है। पार्टी ने इन चार नामों का ऐलान करने के साथ ही संगठन में जातीय और सामाजिक समीकरण को साधने का प्रयास किया है। पार्टी ने जिन भी चेहरों पर दांव खेला है। उसमें कहीं भी पार्टी में विरोध के सुर नहीं उभरेंगे। पार्टी के अधिकांश नेता इस चयन को सही करार दे रहे हैं। सुनील बजाज का कहना है कि तन मन से पार्टी के लिए समर्पित हूं। जो विश्वास पार्टी नेतृत्व ने जताया है उस पर खरा उतरना ही लक्ष्य है। डॉ. बीना आर्या का कहना है कि बिना रुके, बिना थके काम करती रही हूं और आगे भी करूंगी।
भाजपा के 97 संगठनात्मक जिलों में जिलाध्यक्षों के चुनाव 20 नवंबर को हुए थे। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने सभी जिलाध्यक्षों को बधाई देते हुए संगठन के काम में तत्परता से जुटने का आह्वान किया है। साथ ही संगठन और सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को जनता के बीच पहुंचाने के लिए कहा है। पार्टी ने जितेंद्र सिंह सेंगर को महोबा, ब्रजकिशोर गुप्ता को हमीरपुर, चंद्र प्रकाश खरे को चित्रकूट, मुकेश मिश्रा को झांसी महानगर, रामेंद्र सिंह बन्ना को जालौन का अध्यक्ष बनाया है। सौरभ मिश्रा को हरदोई, राजकिशोर रावत को उन्नाव का अध्यक्ष बनाया गया है।