
गीतकार पद्मश्री गोपालदास नीरज को समर्पित है डॉ. शंकर जी सिंह की काव्य कृति
विमोचन समारोह में NASA वैज्ञानिक, साहित्यकार और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
बांदा। सम्भागीय परिवहन अधिकारी डॉ. शंकर जी सिंह की नई काव्य पुस्तक “आओ करें प्यार की बातें” का लोकार्पण रविवार को शहर के होटल सारंग में भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। यह पुस्तक पद्मश्री गीतकार गोपालदास नीरज के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में उन्हें समर्पित की गई है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अशोक प्रजापति (नासा) सहित कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रमुख अतिथियों में प्रो. राम गोपाल गुप्त, जिला संघ चालक सुरेन्द्र पाठक (आरएसएस), अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज, बार एसोसिएशन अध्यक्ष द्वारिकेश मंडेला, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष लवलेश सिंह, राष्ट्रीय कवि अर्जुन सिंह ‘चाँद’, और डॉ. शबाना रफीक शामिल रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिव प्रकाश सिंह ने किया और उन्होंने बुंदेली भाषा को बढ़ावा देने की प्रेरणा भी दी।
पुस्तक विमोचन के बाद विराट कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें लखनऊ, प्रयागराज, उन्नाव, चित्रकूट, महोबा व बांदा से पधारे कवियों ने काव्यपाठ कर समा बांध दिया। स्वयं लेखक डॉ. शंकर जी सिंह ने अपनी रचना की चार पंक्तियों से दिल जीत लिया:
“चार पंक्ति आंगन-आंगन बांट दिया,
पेड़ आम का काट दिया।
बहुत बड़ा था ताल गांव का,
किसने उसको पाट दिया।”
कवि अर्जुन सिंह ‘चाँद’ ने अपनी चर्चित ग़ज़ल “लश्कर भी तुम्हारा है, अख़बार तुम्हारा है” प्रस्तुत की, जिसे खूब सराहा गया।
इस अवसर पर मनोज कुमार मृदुल, योगेश कुमार, डॉ. धनंजय, दीनदयाल सोनी, इंद्रवीर सिंह, सबल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
रिपोर्ट
शिवम सिंह ब्यूरो चीफ बांदा