
फतेहपुर।
थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बा में बृहस्पतिवार रात अज्ञात चोरों ने एक सुनसान घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात और अन्य सामान चुरा लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, अफोई चौकी अंतर्गत तौरा गांव निवासी सचिन कुमार नामदेव, पुत्र नोखेलाल नामदेव, वर्तमान में प्रेमनगर कस्बे के संत विनोबा भावे इंटर कॉलेज गली में पिछले दस वर्षों से निवास कर रहे हैं। सचिन करीब छह महीने से अपनी पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। घर पर उनकी मां रानी देवी, जो आशा बहू के पद पर कार्यरत हैं, अकेली रहती थीं।
वृहस्पतिवार को रानी देवी अपने पैतृक गांव तौरा में एक पारिवारिक कार्यक्रम (छठी भोज) में शामिल होने गई थीं। जाते समय उन्होंने सामने रहने वाले मोहम्मद रिजवान को घर पर ध्यान रखने के लिए कहा था। शुक्रवार सुबह जब वह वापस लौटीं तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था।
रानी देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि चोरों ने घर के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर लगभग पाँच लाख रुपये मूल्य के जेवरात पार कर दिए। चोरी हुए सामान में दो जोड़ी चांदी की पायल, एक कमरबंद, एक सोने का हार (कीमत लगभग ₹2.5 लाख), मंगलसूत्र, नाक की नथुनी, कान की झुमकी, माथबेंदी और तीन चांदी की अंगूठियां शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानपुर घोष पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक नीली रंग की अपाचे बाइक पर सवार दो नवयुवकों को गली में तीन बार आते-जाते देखा गया है। दोनों के चेहरे गमछे से ढके हुए थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह ने बताया कि चोरी की तहरीर प्राप्त हो गई है, पुलिस टीम जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
संवाददाता: अंकित कुमार