
बिवांर। बिवांर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की विदाई के 24 घंटे के भीतर ही एक अजीब मामला सामने आया है। दुल्हन अपने जीजा के साथ ससुराल से चली गई। घटना 19 मई की शाम की है।दूल्हा जब दुल्हन के लिए पान लगवाने गया था, तभी जीजा दो अज्ञात साथियों के साथ कार से आया। वह दुल्हन को कार में बिठाकर ले गया। दूल्हे के परिवार ने पीछा किया, लेकिन कार ओझल हो गई।
दूल्हे के पिता ने बिवांर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दुल्हन पांच लाख रुपए के गहने पहने हुई थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुल्हन को उसके जीजा के घर से बरामद कर लिया।
थाने में पूछताछ के दौरान दुल्हन ने ससुरालियों पर कम दहेज लाने का ताना देने का आरोप लगाया। पुलिस ने दुल्हन को उसकी बहन के सुपुर्द कर दिया है। बिवांर थाना प्रभारी राजेश कुमार पांडेय के अनुसार, जीजा से फोन पर बात हुई है। उसे थाने में हाजिर होने को कहा गया है। हाजिर न होने पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।गौरतलब है कि युवक की बारात 17 मई को जलालपुर थाना क्षेत्र में गई थी। 18 मई को दुल्हन को विदा कराकर गांव लाया गया। दिन में हाथा लगाने की रस्में और पूजा-पाठ हुआ। 19 मई को भी कुछ रस्में संपन्न कराई गईं। इसी दिन शाम को यह घटना हुई।