

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक चौंकाने वाला आंकड़ा जारी किया है, जिससे साफ हुआ है कि ₹2000 के नोटों की वापसी लगभग पूरी हो चुकी है। RBI के अनुसार, कुल 98.18% ₹2000 के नोट वापस आ चुके हैं, लेकिन अब भी ₹6,471 करोड़ के नोट बाजार में घूम रहे हैं!
अब भी नहीं लौटे हजारों करोड़ के नोट!
19 मई 2023 को जब RBI ने ₹2000 के नोटों को वापस लेने का फैसला किया था, तब बाजार में ₹3.56 लाख करोड़ मूल्य के नोट प्रचलन में थे। 28 फरवरी 2025 तक यह घटकर मात्र ₹6,471 करोड़ रह गया है—लेकिन सवाल उठता है कि ये बचे हुए नोट कहां हैं?
अब कहां और कैसे बदल सकते हैं ₹2000 के नोट?
7 अक्टूबर 2023 तक बैंक शाखाओं में ₹2000 के नोट जमा करने और बदलने की सुविधा दी गई थी, लेकिन अब यह सुविधा केवल RBI के 19 निर्गम कार्यालयों तक सीमित है। इसके अलावा, भारतीय डाक के जरिए भी इन्हें बैंक खातों में जमा कराया जा सकता है।
₹2000 के नोट बने रहेंगे वैध!
हालांकि, RBI ने स्पष्ट किया है कि ₹2000 के नोट अब भी वैध मुद्रा बने रहेंगे। यानी अगर आपके पास ₹2000 के नोट हैं, तो वे अमान्य नहीं हुए हैं, लेकिन बैंकिंग प्रणाली में उन्हें जल्द से जल्द वापस लाना ही समझदारी होगी।
अब तक क्यों नहीं लौटे ये हजारों करोड़ रुपये?
यह सबसे बड़ा सवाल है। क्या ये नोट हवाला, ब्लैक मनी, या विदेशी लेन-देन का हिस्सा बने हुए हैं? या फिर ये लोगों के लॉकर, गद्दों के नीचे और घरों की तिजोरियों में छिपे हैं?
अब RBI और सरकार के लिए यह देखना दिलचस्प होगा कि ये ₹6,471 करोड़ के नोट कब और कैसे सिस्टम में लौटते हैं!