Fatehpur Update: मुख्य मार्ग पर जानवर बांधने से आवागमन में परेशानी, ग्रामीणों ने की शिकायत

अमौली, फतेहपुर: जनपद के अमौली ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम पंचायत नसेनिया में ग्रामीणों को मुख्य मार्ग पर जानवर बांधने के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के कुछ लोग अपने घरों के सामने खड़ंजे पर भैंसों को बांधते हैं, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो रही है। इसके अलावा, अपने-अपने घरों के सामने खड़ंजे को ऊंचा करने के कारण मार्ग संकरा हो गया है।

यह मार्ग गांव का मुख्य रास्ता है, जिससे हर रोज छोटे-बड़े, बुजुर्ग, और स्कूल जाने वाले बच्चों का आना-जाना लगा रहता है। बारिश या फिसलन के कारण बच्चे अक्सर गिर जाते हैं, जिससे उनके लिए और अधिक कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।

पीड़ित अरुण कुमार ने बताया कि गांव के दबंग व्यक्तियों—ओम प्रकाश कोरी, जगदीश कोरी, मटोला कोरी, लक्ष्मी संखवार और फौजी सोनकर—द्वारा जानवरों को खड़ंजे पर बांधा जाता है। जब उनसे इसे हटाने की बात कही जाती है, तो वे और उनके घर की महिलाएं गाली-गलौज करने लगती हैं। विशेष रूप से मटोला कोरी, जिसके घर के सामने सरकारी हैंड पंप लगा हुआ है, पानी भरने आने वालों के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और अपशब्द कहते हैं।

गांव के कुछ लोगों ने इस समस्या को लेकर प्रधान पति और सचिव से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उन्होंने जवाब दिया कि यह ग्रामीणों का आपसी मामला है और उन्हें इसे स्वयं हल करने की सलाह दी, यहां तक कि मार्ग बदलने की बात भी कही गई।

गांव के छात्र और बाहर जाने वाले लोग इस स्थिति से अत्यधिक प्रभावित हो रहे हैं। पीड़ित अरुण कुमार और अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि मामले को संज्ञान में लिया जाए और उचित कार्रवाई की जाए, ताकि गांववासियों को इस समस्या से राहत मिल सके।

संपादक के बारे में

Scroll to Top