कानपुर : जनपद की सीसामऊ विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी की मुश्किल बढ़ गई है। कानपुर पुलिस ने इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान को फरार घोषित करते हुए कोर्ट से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी हासिल कर लिया है।
अब कानपुर पुलिस दोनों भाइयों के खिलाफ कुर्की की कार्यवाही भी करेगी। आपको बता दें कि यह कार्रवाई नजीर फातिमा ने द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के बाद पुलिस ने कार्यवाही की है।
दरअसल, नजीर फातिमा नाम की एक महिला ने 8 नवंबर को समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के खिलाफ जाजमऊ थाने में तहरीर दी थी। पुलिस को दी गई तहरीर में नजीर फातिमा ने बताया कि, ‘डिफेंस कालोनी में केडीए के प्लॉट सपा विधायक इरफान सोलंकी के भाई रिजवान सोलंकी कब्जा करना चाहते हैं। वह कई बार प्लाट की कब्जाधारक नजीर फातिमा को धमका चुके हैं। उसने बात नहीं मानी तो 7 नवंबर की रात करीब 8:00 बजे प्लाट में बनी झोपड़ी में आग लगा दी गई।
एफआईआर दर्ज होने के बाद जजमऊ पुलिस दोनों भाइयों की तलाश कर रही है। इस दौरान पुलिस को दोनों के एक दर्जन ऐसे निर्माणकार्यों की जानकारी हुई है जो विवादों के घेरे में रहे हैं।
पुलिस अब तक विधायक और उनके भाई द्वारा कराए गए विवादित निर्माण कार्यों के बारे में केडीए से उनके द्वारा बनाई गई प्रॉपर्टी के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं। इस दौरान पुलिस को जानकारी मिली की दोनों भाई लखनऊ में है। जानकारी पर सपा मुख्यालय और विधायक आवास में भी दबिश दी थी।
मीडिया से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ हैं। तो वहीं, पुलिस अभी तक दोनों भाइयों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने अदालत से दोनों आरोपितों के खिलाफ गैर जमानती वारंट ले लिया है। अब कुर्की की कार्यवाही भी शुरू की जाएगी। पहले पुलिस सीआरपीसी की धारा 82 के तहत कार्रवाई होगी, इसके बाद कोर्ट के आदेश पर सपा विधायक के घर कुर्की की कार्यवाही की जाएगी।

