
मीरगंज बरेली
मोती राम रिपोर्टर
धिंगताणा (हिसार) की बेटी ने वियतनाम में लहराया भारत का परचम, कुश्ती में स्वर्ण पदक किया अपने नाम
हरियाणा के हिसार जिले के गांव धिंगताणा की बेटी मनीषा यादव कोसलिया ने वियतनाम में आयोजित एशिया कुश्ती चैम्पियनशिप में भारत को स्वर्ण पदक दिलाकर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया। फाइनल मुकाबले में मनीषा ने चीन की खिलाड़ी को एकतरफा मुकाबले में 8-0 से पराजित किया।
इस ऐतिहासिक जीत के बाद मनीषा ने यह साबित कर दिया कि हरियाणा की बेटियाँ अब केवल देश में ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपने हुनर का डंका बजा रही हैं। फुर्ती, दांव और जज़्बे के दम पर मनीषा ने न सिर्फ़ पदक जीता, बल्कि एशिया में भारत की कुश्ती ताकत को मजबूती से स्थापित किया।
गौरतलब है कि मनीषा ने पिछले महीने ‘खेलो इंडिया’ में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी निरंतरता और प्रतिभा का लोहा मनवाया था। दो माह में दो स्वर्ण जीतकर मनीषा अब विश्व स्तर पर देश के लिए पदक की सबसे मजबूत उम्मीद बन चुकी हैं।
मनीषा की इस उपलब्धि पर गांव धिंगताणा और पूरे हिसार में जश्न का माहौल है। उनके कोच, परिजन और खेल प्रेमियों ने इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब मनीषा का अगला लक्ष्य विश्व कुश्ती चैंपियनशिप और ओलंपिक पदक है।