
कानपुर: शहर में गर्मी का प्रकोप अब रात्रि के समय भी महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 9 अप्रैल की रात कानपुर में इस साल की अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। इस रात न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से काफी अधिक है।
मौसम विभाग के तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि 9 अप्रैल का यह तापमान बीते वर्षों की तुलना में काफी ज्यादा है। उन्होंने जानकारी दी कि इससे पहले 9 अप्रैल 2006 को न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। यानी इस बार तापमान में लगभग 3.6 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है, जो गंभीर संकेत है।
आने वाले दिनों में और बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। दिन के साथ-साथ रातें भी ज्यादा गर्म हो सकती हैं, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं
अभी तक मौसम विभाग ने किसी भी प्रकार की बारिश या तेज हवाओं की संभावना से इनकार किया है। ऐसे में शहरवासियों को आने वाले दिनों में तेज धूप और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।
सावधानी है ज़रूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की बढ़ती गर्मी से हीट स्ट्रोक और डीहाइड्रेशन का खतरा बढ़ जाता है। लोगों को दिन में बाहर निकलते समय छाता, टोपी, चश्मा और पानी की बोतल साथ रखने की सलाह दी गई है।
विशेष संवाददाता :
निखिल प्रजापति, ब्यूरो चीफ़, कानपुर नगर