
बांदा। हज यात्रा 2025 के लिए चयनित आजमीने हज (हज यात्री) का टीकाकरण मंगलवार को किया जाएगा। इस संबंध में सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। हज कमेटी ऑफ इंडिया एवं उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ के दिशा-निर्देशानुसार यह टीकाकरण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
मुख्य हज ट्रेनर हाजी आरिफ खान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बांदा द्वारा नामित स्वास्थ्य विभाग की टीम के माध्यम से सम्पन्न होगा। इसमें अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का सहयोग रहेगा।
बांदा और चित्रकूट जनपदों के कुल 48 हज यात्रियों को क्वाड्रीवैलेंट मेनिंजोकॉकल मेंनिनजाइटिस वैक्सीन दी जाएगी। साथ ही सीजनल इन्फ्लुएंजा की वैक्सीन और ओरल पोलियो ड्रॉप्स भी पिलाई जाएंगी।
टीकाकरण का समय सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रहेगा। इसके लिए बांदा पेरामेडिकल कॉलेज, तिंदवारा को केंद्र बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां उपस्थित हाजियों का निःशुल्क टीकाकरण करेगी और स्वास्थ्य कार्ड बुकलेट भी प्रदान की जाएगी।
टोकन का वितरण सुबह 8:30 बजे से शुरू होगा।
हज यात्रियों को टीकाकरण के लिए निम्न दस्तावेज अनिवार्य रूप से लाने होंगे:
ऑनलाइन हज फॉर्म का प्रिंट या कवर नंबर का प्रिंट
पासपोर्ट नंबर/पासपोर्ट की कॉपी
दो फोटो (सफेद बैकग्राउंड में, साइज: 2×1.5 इंच)
ब्लड ग्रुप की जानकारी
10 अप्रैल को आयोजित मंडलीय प्रशिक्षण में प्राप्त प्रमाणपत्र
हाजी आरिफ खान ने सभी चयनित हज यात्रियों से समय पर केंद्र पर पहुंचने और सभी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है, जिससे प्रक्रिया सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।
रिपोर्ट
शिवम सिंह ब्यूरो चीफ बांदा