
फतेहपुर। जनपद फतेहपुर की तहसील बिन्दकी में अधिवक्ता संघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया गया है। आगामी 5 मई को मतदान कराया जाएगा और उसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। इस बार चुनावी मुकाबला बेहद रोचक और कांटे का होने की संभावना है।
अध्यक्ष पद के लिए कई दावेदार मैदान में हैं, जिनमें महमूदपुर ददवां, पोस्ट रेवाड़ी बुजुर्ग निवासी अधिवक्ता कल्याण सिंह यादव की दावेदारी प्रमुख मानी जा रही है। उन्होंने दोनों सेटों पर सफलतापूर्वक नामांकन दाखिल कर दिया है। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथी उनके समर्थन में मौजूद रहे, जिससे उनके प्रति अधिवक्ताओं के बीच मजबूत समर्थन का संकेत मिला।
कल्याण सिंह यादव का जीवन संघर्षों से भरा रहा है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले स्व. रघुनंदन सिंह के पुत्र कल्याण सिंह ने कठिन परिस्थितियों में भी शिक्षा जारी रखी। 1993 में एलएलबी की डिग्री प्राप्त कर कानपुर में वकालत की शुरुआत की। इसके बाद 1994 से उन्होंने तहसील बिन्दकी में अधिवक्ता के रूप में अपनी सेवाएं देनी शुरू कर दीं। अपने सरल स्वभाव और संघर्षशील व्यक्तित्व के चलते उन्होंने अधिवक्ता समुदाय में विशेष पहचान बनाई है।
अध्यक्ष पद पर इस बार चार प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें तीन ब्राह्मण वर्ग से हैं, जबकि कल्याण सिंह यादव एकमात्र ओबीसी वर्ग से प्रत्याशी हैं। उन्होंने दावा किया कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) और सभी वर्गों के अधिवक्ताओं का उन्हें भरपूर समर्थन मिल रहा है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि 5 मई को अधिवक्ता संघ का नेतृत्व किसके हाथ में जाता है।
रिपोर्ट
अंकित यादव संवाददाता