
तीर्थ की राह पर निकलीं थीं, लौटकर घर नहीं आ सकीं राधा और रुचि अग्रवाल
बरेली।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में बृहस्पतिवार को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में बरेली की मां-बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। शहर कोतवाली क्षेत्र के आलमगीरीगंज निवासी राधा अग्रवाल (79) और उनकी बेटी रुचि अग्रवाल चारधाम यात्रा पर निकली थीं। गंगोत्री से यमुनोत्री जाते वक्त हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची, पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से गुरुवार सुबह हेलिकॉप्टर ने उड़ान भरी थी। इसमें पायलट समेत सात लोग सवार थे। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसमें राधा और रुचि अग्रवाल भी शामिल थीं।
राधा अग्रवाल के पति का साल 2022 में निधन हो चुका है। उनका बरेली में सराफा का कारोबार था। राधा की तीन बेटियां हैं, जिनका विवाह दिल्ली, मुंबई और बंगलूरू में हुआ है। बेटा नहीं है। चार महीने पहले राधा मुंबई गई थीं, जहां उनकी बेटी रुचि के साथ रह रही थीं। वहीं से दोनों ने चारधाम यात्रा की योजना बनाई थी।
अब यह यात्रा उनके जीवन की अंतिम यात्रा साबित हुई। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, दोनो के शव मुंबई ले जाए जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इस हादसे ने न केवल बरेली, बल्कि यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के बीच भी गहरा दुख और चिंता का माहौल बना दिया है।
रिपोर्ट: शैलेंद्र चौधरी, इंडिपेंडेंट इंडिया न्यूज, बरेली