
बरेली।फतेहगंज पश्चिमी कस्बे को आखिरकार वर्षों की प्रतीक्षा के बाद रोडवेज बस स्टेशन की सौगात मिल गई। रविवार को बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और मीरगंज विधायक डॉक्टर डीसी वर्मा ने नव निर्मित रोडवेज बस स्टेशन का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान सांसद और विधायक ने नारियल फोड़कर एवं हरी झंडी दिखाकर आगरा, दिल्ली और हल्द्वानी के लिए बसों का संचालन शुरू किया। इस मौके पर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखा गया।
स्थानीय लोगों ने लंबे समय से कस्बे में रोडवेज बस स्टेशन की मांग की थी। इस मांग को लेकर लोगों ने कई बार सांसद और विधायक से गुहार लगाई थी। सेवा प्रबंधक धनजीराम ने बताया कि जनता की मांग और मीरगंज विधायक डीसी वर्मा की विशेष पैरवी के चलते, पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष संजय चौहान की मेहनत से सिंचाई विभाग की भिटौरा रेलवे स्टेशन पर स्थित एक एकड़ जमीन को परिवहन विभाग में ट्रांसफर कराया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहयोग से करीब 2 करोड़ 59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई।
बस स्टेशन के निर्माण कार्य की जिम्मेदारी सीएनडीएस विभाग ने 22 मई 2022 को कुमार ट्रेडिंग कंपनी को सौंपी, जिसके बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ। सांसद छत्रपाल सिंह ने भी मुख्यमंत्री से मिलकर बस स्टेशन के शीघ्र निर्माण की मांग की थी, वहीं भाजपा नेता व व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने भी जोरदार प्रयास किए थे।
उद्घाटन अवसर पर सांसद और विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता को लंबे समय से यातायात की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। हाईवे पर बसें रुकने से यात्रियों को सड़क पार करते समय जान का खतरा बना रहता था। खासकर दिल्ली, आगरा, हल्द्वानी और लखनऊ जैसे शहरों के लिए सफर करने वालों को खासी दिक्कत होती थी। इन सभी समस्याओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने रोडवेज बस स्टेशन की मंजूरी दी।
इस अवसर पर कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें भाजपा जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, विधायक प्रतिनिधि संजय चौहान, व्यापार मंडल अध्यक्ष आशीष अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य ममता गंगवार, मंजू कोरी, पूर्व चेयरमैन विजय कुमार गुप्ता, मेला अध्यक्ष ओमेंद्र सिंह चौहान, डॉक्टर मुदित प्रताप सिंह, प्रधान वेदपाल सिंह, भाजपा नेता राम गुप्ता, बस स्टेशन प्रभारी मोहन स्वरूप, एसएसआई रागनी सक्सेना, और अन्य अधिकारी व स्थानीय लोग शामिल रहे।
इस नव निर्मित रोडवेज बस स्टेशन के संचालन से फतेहगंज पश्चिमी ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण अंचल जैसे शीशगढ़, बहेड़ी और शेरगढ़ के लोगों को भी लाभ मिलेगा। यह बस स्टेशन न केवल क्षेत्रीय संपर्क को बेहतर बनाएगा बल्कि स्थानीय व्यापार और विकास को भी गति देगा।
रिपोर्ट
सुनील सिंह उत्तर प्रदेश स्टेट हेड