नई दिल्ली- भारतीय नौसेना ने महिला अधिकारियों को महत्वपूर्ण तैनाती दी है। भारतीय नौसेना के इतिहास में पहली बार दो महिला अधिकारियों को वॉर शिप पर तैनात किया गया है। इन दोनों महिला अधिकारियों को हेलिकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर के पद में शामिल होने के लिए चुना गया है। लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब लेफ्टिनेंट रीति सिंह को भारतीय नेवी के युद्धक पोतों पर ऑब्जर्वर के तौर पर नियुक्त किया गया है।
भारतीय नौसेना के इस ऐतिहासिक फैसले से फ्रंटलाइन जंगी जहाजों पर महिलाओं की तैनाती का रास्ता साफ हो गया है। दोनों महिला अधिकारी भारत की पहली महिला एयरबोर्न टैक्टीशियंस होंगी जो जंगी जहाजों के डेक से काम करेंगी। इसके तहत, वॉरशिप पर एयरक्राफ्ट को टेकऑफ और लैंड कराया जाता है। इसके पहले महिला अफसरों को फिक्स्ड विंग एयरकॉफ्ट तक सीमित रखा गया था। नेवी के प्रवक्ता विवेक मधवाल ने बताया है कि ये दोनों अधिकारी इतिहास में पहली बार आधिकारिक तौर पर किसी भी युद्ध की स्थिति में वॉरशिप में शामिल होने वाली महिलाएं होंगी।
कुमुदनी त्यागी और रीति सिंह उन 17 अफसरों की टीम का हिस्सा हैं जिन्हें वॉरशिप पर ऑब्जर्वर के तौर पर नियुक्त किया गया है। नौसेना ने इस ऐतिहासिक कदम के लिए 17 ऑफिसर्स में से इन दोनों को चुना है। डिफेंस स्टेटमेंट में बताया गया कि इन 17 अफसरों में चार महिला अधिकारी हैं और भारतीय तटरक्षक दल के तीन अधिकारी शामिल हैं, जिन्हें आज कोच्चि में आईएनएस गरुड़ में आयोजित हुए एक समारोह में ‘ऑब्जर्वर्स’ के रूप में तैनाती को लेकर ‘विंग्स’ से सम्मानित किया गया। ग्रुप में नियमित बैच के 13 अधिकारी और शॉर्ट सर्विस कमीशन बैच की चार महिला अधिकारी शामिल थीं