आत्मसमर्पण के इरादे से महाकाल पहुंचा विकास दुबे, वीआईपी दर्शन की पर्ची पर लिखाया सही नाम
कानपुर गोलीकांड के आरोपी कुख्यात गैंगस्टर विकास दुबे को उज्जैन के महाकाल मंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने मंदिर में चिल्ला-चिल्लाकर खुद को विकास दुबे बताया। इसके बाद गार्ड ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने दुबे की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। वहीं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की। शिवराज चौहान ने कहा कि उनकी सरकार किसी भी अपराधी को नहीं बख्शेगी। इसी बीच यूपी पुलिस की एक टीम मध्यप्रदेश के रवाना हो गई है। यहां पढ़ें सभी अपडेट्स-
बड़ा सवाल: आखिर उज्जैन कैसे पहुंचा विकास दुबे?
बुधवार को फरीदाबाद और एनसीआर में लोकेशन मिलने के बाद आखिर वह उज्जैन कैसे पहुंचा यह बड़ा सवाल है। हालांकि अब उज्जैन पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। यूपी पुलिस के पहुंचते ही उसकी ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद है थोड़ी देर में ही उज्जैन पुलिस इसका खुलासा करेगी कि वह यहां कैसे पहुंचा।
पुलिस स्टेशन में घुसकर मंत्री की हत्या करने का लगा था आरोप
राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त संतोष शुक्ला 11 नवंबर 2001 को कानपुर के थाना शिवली गए थे। आरोप है कि जैसे ही वे थानेदार के कमरे से निकले, विकास ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। सबूतों, गवाहों की कमी से आरोप सिद्ध नहीं हो सके और वह बरी हो गया।
विकास की मां बोली- बेटे को गोली मार दो
विकास की मां सरला दुबे बताती हैं कि विकास विधायक बनना चाहता था। इसी चाह में अपराध की ओर बढ़ गया। उसने बहुत गलत किया है, पुलिस अगर उसे पकड़ लेती है, तो उसे गोली मार दे।
पर्ची पर लिखाया सही नाम
गुरुवार सुबह लगभग नौ बजे विकास दुबे वीआईपी दर्शन के टिकट काउंटर पर पहुंचा। वहां उसने वीआईपी दर्शन के लिए 250 रुपए की पर्ची कटवाई। उसने जानबूझकर पर्ची पर अपना सही नाम विकास दुबे लिखवाया और मोबाइल नंबर भी दिया।
एमपी पुलिस को विकास दुबे की गिरफ्तारी पर बधाई देता हूं: शिवराज
शिवराज सिंह चौहान ने गैंगस्टर की गिरफ्तारी पर कहा, ‘मैं एमपी पुलिस को विकास दुबे की गिरफ्तारी के लिए बधाई देता हूं। मैं लगातार यूपी के अधिकारियों के संपर्क में हूं और यूपी के सीएम आदित्यनाथ से भी बात की है। आगे की जांच के लिए, उसे यूपी पुलिस को सौंप दिया जाएगा। दोनों राज्यों की पुलिस समन्वय में काम करेंगी।’
रिपोर्ट इंडिपेंडेंट इंडिया सूत्र