24 वर्षीय राशिद खान मतलब वह बाजीगर जिसकी हार की चर्चा मुंबई इंडियंस की जीत से ज्यादा है। पहले गेंदबाज़ी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 30 रन देकर 4 विकेट लिए और फिर 32 गेंद पर 3 चौकों और 10 छक्कों के साथ 246.88 स्ट्राइक रेट से धुआंधार 79* रन जड़ दिए। भले ही राशिद खान गुजरात को में जिताने में कामयाब ना हुए हूं लेकिन उन्होंने सबके दिल जरूर जीत लिए …! वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में टॉस हार कर MI ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। आंकड़ा 4 ओवर में ही 40 पार चला गया। अब कप्तान हार्दिक ने अपना तुरुप का इक्का चला । राशिद पारी का पांचवां ओवर लेकर आए और मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित को चलता किया । पावरप्ले में MI ने बगैर नुकसान 61 रन ठोक दिए। मुंबई की पलटन को दुनिया हिलाने से रोकने के लिए हार्दिक ने 7वां ओवर भी राशिद खान को सौंप दिया। दुनिया इस जादूगर का जादू देखने के लिए दिल थामकर इंतजार कर रही थी।
नए ओवर की पहली गेंद लेग ब्रेक, विथ अ बिट ऑफ स्पिन। रोहित रक्षात्मक तौर पर खेलने के लिए आगे आए, लेकिन बल्ले का किनारा स्लिप में पहुंच गया। 18 गेंद पर 29 रनों की हिटमैन की पारी का खात्मा हो चुका था। रोहित अच्छे दिख रहे थे लेकिन राशिद खान के सामने उनकी एक नहीं चली। पांचवीं गेंद टॉस्ड अप फुलर लेंथ विथ अ हिंट ऑफ स्पिन बैक टू द लेफ्ट हैंडर। ईशान किशन ने स्वीप मारने का प्रयास किया और प्लंब हो गए। LBW ऐसा कि बल्लेबाज बगैर रिव्यू लिए चलता बना। ईशान 20 गेंद पर 31 बनाकर लौटे और मुंबई को 66 पर दूसरा झटका लग गया। इससे समझ आ गया था कि राशिद खान को एक्रॉस खेलने से बड़ा क्रिकेट में दूसरा पाप कोई नहीं है। एक ही ओवर में बैक टू बैक 2 विकेट झटक कर राशिद ने पूरा गेम पलट दिया था। राशिद खान ने नवें ओवर की अंतिम गेंद फ्लैट और क्विक रखी। कट करने के प्रयास में पिछले मुकाबले में अर्धशतक ठोकने वाले नेहाल वढ़ेरा 15 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए।
एक तरफ सूर्यकुमार यादव का तांडव चल रहा था, तो दूसरी तरफ राशिद खान कहर बरपा रहे थे। यहां से राशिद के कोटे का एक ओवर बाकी था। 17वें ओवर की अंतिम गेंद राशिद खान ने लेग ब्रेक ग्राउंड ऑफ डाली। टिम डेविड अगेंस्ट द स्पिन फ्लिक करने गए और बैक टू द बॉलर कैच थमा बैठे। डेविड 5 रन बनाकर लौट गए। अपनी स्पेल की अंतिम गेंद पर राशिद ने यह सफलता हासिल की। जिस मुकाबले में मुंबई ने 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बना दिए, वहां राशिद ने 4 ओवर में 7.5 की इकोनॉमी से सिर्फ 30 रन देकर 4 विकेट चटका लिए। इस प्रदर्शन ने साबित कर दिया कि दुनिया में आज राशिद खान से बड़ा स्पिन का जादूगर दूसरा कोई नहीं है। अगर सूर्यकुमार यादव ने सिर्फ 49 गेंद पर ताबड़तोड़ 103* रन नहीं बनाए होते, तो मुंबई की दुर्दशा समझी जा सकती है।
गुजरात ने रनचेज शुरू किया और वह शुरू होते ही खत्म हो गया। बड़े स्कोर के दबाव में पिछले साल की चैंपियन टीम बिखरती हुई नजर आई। 3.5 ओवरों में ही 26 पर 3 आउट। किसी तरह पावरप्ले की समाप्ति के बाद स्कोर 48 पहुंचा। पर 12 ओवर खत्म होते ही 100 पर 6 वापस। अंतिम सूरत-ए-हाल ये कि 13.2 ओवर में 103 पर 8 विकेट खोकर गुजरात अपनी सबसे बड़ी हार की तरफ बढ़ रही थी। पर अभी उसका सबसे बड़ा धुरंधर बाकी था। बॉलर राशिद खान के बाद बैटर राशिद खान। कुमार कार्तिकेय के 14वें ओवर की चौथी गेंद एक्स्ट्राकवर और पांचवीं गेंद मिडविकेट बाउंड्री के आसमान में छक्के के लिए चली गई। गेंद के बाद बल्ले से द राशिद खान शो शुरू हो चुका था। बेहनड्रॉफ के 15वें ओवर की दूसरी गेंद को राशिद ने शॉर्ट थर्डमैन के ऊपर से स्लाइस कर चौका बटोर लिया। अगली गेंद आउटसाइड ऑफ फुल लेंथ की थी। अबकी बार राशिद ने पॉइंट के ऊपर से स्लाइस करते हुए छक्का जड़ दिया।
मुंबई को टॉप टू फिनिश करने के लिए यह मुकाबला बड़े अंतर से जीतना जरूरी था क्योंकि सारा मामला नेट रन रेट की तरफ जा रहा था। पर राशिद खान मुंबई के स्पिनर और फास्टर को एक समान कूटे जा रहे थे। डेथ ओवर स्पेशलिस्ट क्रिस जॉर्डन के 17वें ओवर की पहली गेंद को स्क्वायर लेग की दिशा में पुल कर राशिद ने चौका अपने नाम कर लिया। अगली गेंद शॉर्ट एंड वाइट आउटसाइड ऑफ। राशिद ने बिल्कुल सूर्यकुमार यादव के अंदाज में थर्ड मैन बाउंड्री के ऊपर से कट करते हुए छक्का जड़ दिया। व्हाट अ ग्लोरियस शॉट…! चौथी गेंद लेग स्टंप पर यॉर्कर लेंथ की थी। राशिद ने लेफ्ट लेग क्लियर किया और बॉल को अपने दोनों पैरों के बीच से फाइनल बाउंड्री के बाहर भेज दिया। जादूगर का जादू अब गेंदबाजों के सिर चढ़कर बोल रहा था। वानखेड़े स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया था। मुंबई के फैंस किसी अनहोनी की आशंका से सिहर उठे थे।
18वें ओवर की दूसरी गेंद कैमरन ग्रीन ने धीमी गति के साथ शॉर्ट डाली। मिडविकेट के ऊपर से गगनचुंबी छक्का…! चौथी गेंद फिर से शॉर्ट ऑफ लेंथ और अबकी बार स्क्वायर लेग बाउंड्री के बाहर छक्का। राशिद खान ने आईपीएल के इतिहास में अपना पहला अर्धशतक पूरा कर लिया था। पर अभी भी कारनामा पूरा नहीं हुआ था। क्रिस जॉर्डन के 19वें ओवर की दूसरी धीमी गेंद को राशिद ने डीप स्क्वायर लेग स्टैंड में डिपॉजिट कर दिया। कुमार कार्तिकेय के 20वें ओवर की पहली गेंद पर राशिद का हेलीकॉप्टर डीप मिडविकेट स्टैंड में छक्के के लिए लैंड हुआ। ओवर की तीसरी गेंद कुमार कार्तिकेय ने स्टंप्स पर डाली। मजबूत कलाइयों के साथ बॉटम हैंड का जबरदस्त प्रयोग और गेंद मिडविकेट बाउंड्री के पार 6 रन के लिए चली गई। चौथी गेंद पर राशिद का स्लॉग स्वीप भी लॉन्गऑन के बाहर छक्के के लिए चला गया। निर्धारित 20 ओवरों की समाप्ति के बाद गुजरात 8 विकेट खोकर 191 रन बना सके और 27 रन से मुकाबला हार गई। पर अफगानिस्तान की शान पठान राशिद खान ने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से हर क्रिकेट प्रेमी का दिल जीत लिया। मुंबई तीसरे स्थान पर आने के बावजूद -0.117 के निगेटिव रनरेट के साथ रह गई। द मैन… द मिथ…द लेजेंड।