धूमधाम से निकली शिव बारात, ऊंट, घोड़े, भूत, प्रेत के संग सैकड़ो बाराती हुए शामिल
मौदहा/हमीरपुर:- महा शिवरात्रि के पावन पर्व पर जहां एक तरफ शिवालयों में पूजन अर्चन करने वाले भक्तगणों की भीड़ सुबह से ही देखने को मिली, तो वहीं भोर से ही मंदिरों की सजावट में भक्त गण जुट गए। उधर दोपहर बाद कस्बे के फत्तेपुर स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर से शिव बारात नगर के मुख्य मार्गो से निकाली गयी, जिसमें हजारों की संख्या में भक्तगण मौजूद रहे।
बताते चले की बसंत पंचमी के बाद शिवरात्रि का त्योहार होता है, जिसे सनातन धर्म मे बड़ी ही श्रद्धाभाव से मनाया जाता है, भक्तगण सुबह से ही स्नानादि कर शिवालयों में पहुंचे और रुद्राभिषेक के बाद पूजन अर्चन कर उन पर भांग, धतूरा, बेलपत्र आदि अर्पण किया। नगर के शिव शक्ति मंदिर, नारायण मंदिर, टेवनबाबा, मथुरा मंदिर के पास शंकर मंदिर, जय शिव मंदिर, बड़ी देवी मंदिर, फत्तेपुर स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर, रामलीला मैदान स्थित शिव मंदिर, बाजार स्थित शिव मंदिर व तहसील स्थित मंदिर को बड़े ही धूमधाम से सजाया गया, और सुबह से ही इन मंदिरों में भक्तगणों की भीड़ उमड़ पड़ी। भगवान भोलेनाथ की पूजा करने के लिए भक्तगणों की लंबी कतारें लगी रहीं, वहीं पूजन अर्चन का यह सिलसिला शाम तक चलता रहा। वहीं दोपहर बाद फत्तेपुर स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर से एक भव्य शिव बारात निकाली गई, जो नगर के बस स्टैंड से तहसील मार्ग, मालिकुआँ चौराहा, थाना चौराहा, रामलीला मैदान, टेवन बाबा से बड़ी देवी मंदिर होते हुए, पुनः बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंची। बारात में भूत, प्रेत का रूप धारण किये हुए बारातियों सहित हजारों की संख्या में महिला, पुरुष व बच्चे डीजे की धुन में भक्ति संगीत से सराबोर हो नाचते थिरकते नज़र आये। इस मौके पर जगह जगह प्रसाद के रूप में ठण्डाई का वितरण किया गया। वहीं बारात में अन्य देवी देवताओं की सुंदर सुंदर झाकियां भी सम्मिलित हुयीं। वहीं बारात में पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा है। इसी के बाद आज नगर के शिव शक्ति मंदिर स्टेशन रोड पावर हाउस व जय शिव मंदिर धर्मशाला के पास विशाल भंडारे का भी आयोजन होगा।
By Amit Kumar, Bureau Chief Hamirpur

