गाजियाबाद में मिला येलो फंगस(Yello Fungus) का रोगी,नये फंगस ने दी दस्तक

गाजियाबाद:- ब्लैक फंगस और व्हाइट फंगस के बाद अब गाजियाबाद में येलो फंगस का मामला प्रकाश में आया है। हालांकि अभी तक प्रशासनिक स्तर पर या मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा इस केस की कोई पुष्टि नहीं कि गयी है। लेकिन निजी अस्पताल के डॉक्टर बीपी त्यागी के द्वारा पीले फंगस की पुष्टि की है। वह येलो फंगस पीड़ित का इलाज कर रहे हैं। 

डॉ. बीपी त्यागी ने सोमवार को बताया कि 47 साल का संजय नगर निवासी ये मरीज परेशानी होने पर यहां जांच कराने आया था। मरीज की नाक की जांच के दौरान पाया कि उसे यलो फंगस है। जब वह जांच के लिए हॉस्पिटल आया था तो उसे सुस्ती थी। भूख कम लग रही थी। उसका वजन कम हो रहा था, उसे दिखने में भी परेशानी हो रही थी। ये सब येलो फंगस (मुकोर सेप्टिकस) के ही लक्षण हैं। इसके अलावा मवाद का रिसाव होना, खुले घाव का धीमी गति से ठीक होना और भरना, कुपोषण, मल्टी ऑर्गन फेलियर तथा परिगलन के कारण धंसी हुई आँखें भी इसके लक्षण हैं। उन्होंने बताया कि येलो फंगस नाक से शुरू होता है और फिर जैसे यह बढ़ता है, बीमारी और घातक हो जाती है।
डॉ. त्यागी ने बताया कि मरीज की हालत अभी स्थिर है। इसका एक मात्र इलाज इंजेक्शन एम्फोटेरासिन-बी है जो एक ब्रॉड स्पेक्ट्रम अंटीफ़ंगल है।

संपादक के बारे में

Scroll to Top